रामपुर गौरा संपर्क मार्ग पूरी तरह से यातायात के लिए ठप
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर-गौरा मार्ग भूस्खलन की वजह से बाधित होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भारी भूस्खलन के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग बाधित होने से बागवानों को अन्य वैकल्पिक मार्गों से सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाना पड़ेगा। इससे उन्हें दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। मार्ग बाधित होने से क्षेत्रों के लोगों को पैदल ही अपने गंतव्यों तक पहुंचना पड़ रहा है।
सोमवार को मार्ग बंद होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और सरकारी कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों को झेलनी पड़ी। हालांकि शुक्रवार को मार्ग छोटे वाहनों के लिए मार्ग का बहाल कर दिया गया था। मगर शनिवार को एक बार फिर भूस्खलन होने से लोक निर्माण विभाग ने मार्ग पर सभी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
रामपुर के फॉरेस्ट कॉलोनी के पास करीब 18 मीटर सड़क भारी बारिश की वजह से ध्वस्त हो गई है। मार्ग बाधित होने से गौरा, मशनू, दोफदा और गोपालपुर पंचायत के लोगों को अब अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। गौरा-रामपुर मार्ग बाधित होने से बड़े वाहनों की आवाजाही वाया शिंगला, रतनपुर, घराट और उच्ची शाह होकर हो रही है।
लोक निर्माण विभाग रामपुर के एसडीओ चंद्र प्रकाश ने बताया कि रामपुर-गौरा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक दी गई है। मार्ग को बहाल करने के लिए सुरक्षा दीवार लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने उक्त मार्ग से आवाजाही करने वालों लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का आग्रह किया है।