नित्थर(कुल्लू)। उपतहसील नित्थर की दुराह पंचायत में राजवीर ठाकुर उपप्रधान चुने गए हैं। पंचायत उपचुनाव में उपप्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें राजवीर ठाकुर ने सबसे अधिक 366 मत हासिल कर सभी तीन प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर पद पर काबिज हुए।
गौर हो कि दुराह पंचायत के उपप्रधान जगदीश ठाकुर के आकस्मिक निधन के बाद उपप्रधान का पद खाली चल रहा था। इसको देखते हुए उपप्रधान पद के लिए उपचुनाव करवाए गए। इसमें राजवीर ठाकुर को सबसे अधिक 366 मत, टिक्कम राम को 258, मेहर चंद 224 और भगवान दास को 48 मत प्राप्त हुए। मतदान में लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। चुनाव के लिए ग्राम पंचायत दुराह में चार मतदान केंद्र दुराह, शरटी, क्लोग और ढवार्च स्थापित किए गए थे।
ग्राम पंचायत दुराह में कुल 1245 मतदाता हैं। इसमें 900 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 77.77 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें 435 महिलाओं और 465 पुरुषों ने वोट डाले। शांतिप्रिय चुनाव निपटाने में प्रशासन की अहम भूमिका रही। आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल सागर, ग्राम पंचायत दुराह प्रधान गुरमेल सिंह और पंचायत समिति अध्यक्ष निरमंड दलीप ठाकुर ने उपप्रधान बनने पर राजवीर ठाकुर को बधाई और शुभकामनाएं दी है।