चौपाल (रोहडू़)। लोक निर्माण विभाग चौपाल में कार्यरत बेलदार की गिरने से मौत हो गई है। हादसा उस समय हुआ जब कर्मचारी प्रकाश चंद ड्यूटी पर तैनात था। इसी बीच किसी कारणवश वह ढांक में जा गिरा। पुलिस ने जांच के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद पुत्र बलीराम (28) ग्राम चिल्ला, तहसील चौपाल माटल में सेवाएं दे रहा था।
शनिवार दोपहर के समय करीब एक बजे चौपाल से करीब सात किलोमीटर दूर ओखटा ढांक के पास सड़क किनारे धक्का लगने के कारण गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में उसकी मौके पर मौत हो चुकी थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद शव को निकालकर सड़क तक पहुंचाया। डीएसपी चौपाल राज कुमार ने घटना की पुष्टि की है। एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने कहा कि मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।