किन्नौर जिले के पागलनाला में पहाड़ी से जा टकराई पिकअप।
सांगला (किन्नौर)। जिला किन्नौर के टापरी में पागलनाला के समीप बुधवार रात को एक पिकअप पहाड़ी से जा टकराई। हादसे में चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है।
पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 10:30 बजे राष्ट्रीय उच्च मार्ग पांच पर एक पिकअप सांगला से रामपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही पिकअप टापरी में पागलनाला के समीप पहुंची तो चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पहाड़ी से जा टकराई।
इस हादसे में चालक मोहम्मद, गांव मझेवटी, डाकघर देवनगर, तहसील रामपुर, जिला शिमला और एक अन्य व्यक्ति राकेश कुमार, निवासी निरमंड, जिला कुल्लू घायल हो गया है।
रात को सूचना मिलते ही टापरी से पुलिस की टीम मुख्य आरक्षी विजय कुमार की अगुवाई में घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पीएचसी टापरी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को खनेरी अस्पताल रेफर किया गया। उधर, मामले की पुष्टि एसपी किन्नौर विवेक चहल ने की है। संवाद