नेरवा (रोहडू़)। नेरवा बजार में किराने की दुकान चलाने वाले एक कारोबारी की घर के लेंटर से गिरकर मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। हादसे के बाद दोपहर बाद तक कारोबारियों ने दुकानें बंद रखी।
जानकारी के अनुसार सुरेश तंगड़ाइक पुत्र संतोष तंगड़ाइक (46) वर्ष गांव दियांडली, डाकघर नेरवा वीरवार सुबह किसी कारणवश घर के लेंटर से गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया लेकिन यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है।
उनकी मौत पर नेरवा के कारोबारियों ने दोपहर तक दुकानें बंद रखी। जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार नेरवा जगपाल सिंह चौधरी ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। पूर्व विधायक डॉ. सुभाष मंगलेट ने सुरेश तंगड़ाइक के निधन पर दुख प्रकट किया है।