रामपुर बुशहर। दुनिया भर में कहर बरपाने वाले कोरोना संक्रमण से निजात दिलाने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग के चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में लोगों का सहयोग नहीं मिलना मुश्किलें खड़ी कर रहा है। इसकी वजह यह है कि हजारों लोग वैक्सीन की पहली डोज लगवाने के बाद दूसरी डोज लगवाने नहीं आ रहे हैं। इससे शतप्रतिशत टीकाकरण के अभियान को धक्का लग रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक टीकाकरण से लोगों में संक्रमण से निपटने की क्षमता भी बढ़ी लेकिन संक्रमण की घटती रफ्तार को देखते हुए अब लोगों में टीकाकरण को लेकर रुझान समाप्त होता नजर आ रहा है। टीके पहली डोज तो लोगों ने सहर्ष लगाई, लेकिन अब दूसरी डोज लगाने में रामपुर के लोग आगे नहीं आ रहे हैं।
उपमंडल में करीब 10 हजार लोगों को दूसरी डोज लगनी है। इसको देखते हुए अब रामपुर उपमंडल में स्वास्थ्य विभाग पंचायत स्तर पर पहली डोज लगा चुके लोगों के घरद्वार पहुंचकर कर उनको दूसरी डोज सुनिश्चित कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने एक डोज लगाने वाले लोगों से दूसरी डोज लगवाने की अपील की है, ताकि कोरोना संक्रमण से पूरी तरह से बचा जा सके।
68 हजार ने लगवाई पहली डोज
आंकड़ों की बात करें तो रामपुर उपमंडल में अभी तक 66800 लोगों को कोरोना की पहली डोज लगवा चुके हैं। वहीं दूसरी डोज लगवानों वालों की संख्या करीब 10 हजार कम करीब 56876 है। इसमें 4700 लोगों को दूसरी डोज दिसंबर माह में लगनी है।
खंड चिकित्सा अधिकारी रामपुर डॉ. आरके नेगी ने बताया कि कोरोना की दूसरी डोज लगवाने के लिए लोग अब दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पहली डोज ने संक्रमण के प्रभाव को कम किया है, उसी तरह से दूसरी डोज इसके प्रवाह को बिल्कुल रोक देगी। लोगों को कोरोना की दूसरी डोज लगना जरूरी है, जिसके लिए सभी को आगे आना होगा।