para pump opperatot in nither kulu not found salary from four month
नित्थर (कुल्लू)। जलशक्ति विभाग आनी के तहत काम कर रहे सैकड़ों पैरा पंप ऑपरेटर पैरा फिटर मल्टीपर्पस वर्कर वेतन के लिए तरस रहे हैं। चार माह से वेतन न मिलने से कर्मचारियों को परिवार का पालन पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों में भारी रोष है कि आखिर महज 3600 रुपये भी सरकार और विभाग कर्मचारियों को नहीं दे पा रहे हैं।
जलशक्ति विभाग नित्थर, आनी और निरमंड में कई स्थानों पर यह कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। हर माह वेतन के लिए जलशक्ति विभाग नित्थर, आनी की दौड़ लगाने को मजबूर हैं। पैरा पंप ऑपरेटर पैरा फिटर 4600 और मल्टीपर्पस वर्कर को 3600 रुपये मानदेय मिलता है। इसी वेतन में आज की महंगाई में अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि इस बार के बजट में हमारा वेतन बढ़ाने पर भी विचार करें। कर्मचारियों ने सरकार से अनुबंध पर लाने की मांग भी उठाई है। महिपाल ठाकुर, ईशान शर्मा, दिनेश कुमार, कुमत राम, बिनी राम और स्वरूप चंद सहित कई अन्य कर्मचारियों ने सरकार और विभाग से वेतन मानदेय देने की गुजारिश की है।
उधर, अधिशासी अभियंता जलशक्ति विभाग आनी अजीत नेगी ने कहा कि इसका बजट अभी तक अलॉट नहीं हुआ है। इसका बजट मुख्य कार्यालय से मंजूर होता है। जैसे ही इसके लिए बजट मंजूर होगा, कर्मचारियों को वेतन दे दिया जाएगा।
--