नमहोंग में पांच ने प्रधान और सात प्रत्याशियों ने उपप्रधान के लिए भरे नामांकन
जाबन में 12 प्रत्याशी प्रधान और चार उपप्रधान पद के लिए मैदान में
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी खंड की दो पंचायतों में होने जा रहे चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नमहोंग पंचायत में पांच प्रधान, सात उपप्रधान, जबकि जाबन में 12 प्रधान और चार ने उपप्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किए हैं।
नमहोंग पंचायत के सहायक निर्वाचन अधिकारी डोलाराम शर्मा ने बताया कि नामांकन के आखिरी दिन 15 जनवरी को कुल 11 लोगों ने नामांकन भरा है। आरक्षित अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित नमहोंग पंचायत प्रधान पद के लिए कुल पांच, जबकि उपप्रधान पद के लिए सात ने नामांकन भरे हैं। जबकि पांच वार्डों में से तीन वार्ड नमहोंग, थरोग और खड़ा वार्ड में एक-एक सदस्य ने ही नामांकन दाखिल किए हैं। जबकि लारजी पानी और डमौहर वार्ड के लिए तीन-तीन सदस्यों ने नामांकन भरे हैं
वहीं, जाबन पंचायत के लिए तैनात सहायक निर्वाचन अधिकारी कुंदन शर्मा ने बताया कि नामांकन के आखिरी दिन सात लोगों ने नामांकन भरा है। जाबन पंचायत में कुल 9 उम्मीदवारों ने अनारक्षित प्रधान पद के लिए नामांकन भरे हैं। जबकि चार प्रत्याशियों ने उपप्रधान के लिए नाम दाखिल किए हैं। उन्होंने कहा कि जाबन पंचायत के कुल पांच वार्डों में से टिपल, झरोहण और अमरबाग वार्ड के लिए एक-एक उम्मीदवारों ने ही नामांकन भरे हैं। जबकि मरहोलदल वार्ड के लिए 6 प्रत्याशियों, जबकि देउरी वार्ड के लिए कुल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं।
निर्वाचन अधिकारी एवं बीडीओ आनी बबनेश चड्ढ़ा ने बताया कि दो पंचायत जाबन और नमहोंग पंचायतों के लिए होने जा रहे पंचायत चुनावों को लेकर सभी तैयारियां पूरी हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 17 जनवरी को उम्मीदवारों के नामों की समीक्षा होगी, जबकि 19 जनवरी को नाम वापस लेने का आखिरी दिन हैं। 30 जनवरी को दोनों पंचायतों में चुनाव करवाए जाएंगे।