एनएच प्राधिकरण305 जलोड़ी जोत में सड़क बहाल करते हुए
- फोटो : RAMPUR-HP
आनी (कुल्लू)। ताजा बर्फबारी से जलोड़ी दर्रे पर बाधित नेशनल हाईवे-305 को बहाल करने का कार्य एनएच प्राधिकरण ने शुरू कर दिया है। इसके तहत आनी की ओर से मशीनरी से बर्फ हटाई जा रही है। फिसलन से बचाव के लिए इस दौरान रेत भी बिछाई जा रही है। हालांकि बंजार की ओर से सड़क बहाल करने का काम शुरू नहीं हो सका है। इसको लेकर सीटू आनी इकाई संयोजक पद्म प्रभाकर ने चिंता जताते हुए बंजार की ओर से भी जल्द हाईवे बहाली का कार्य शुरू करने की मांग की है।
शनिवार सुबह हुई बर्फबारी के बाद नेशनल हाईवे-305 जलोड़ी दर्रा कुल्लू की ओर से बंद पड़ा है। इससे आनी विधानसभा क्षेत्र की 69 पंचायतों का संपर्क जिला मुख्यालय कुल्लू से कट गया है। पद्म प्रभाकर का कहना है कि हर बार आनी की ओर से हाईवे बहाल कर दिया जाता है, जबकि बंजार की ओर से लेटलतीफी के चलते एनएच बहाल नहीं हो पाता है। इसके कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एनएचएआई सब डिविजन आनी के एसडीओ धनसिंह शर्मा ने कहा कि खनाग से जलोड़ी दर्रे तक नेशनल हाईवे-305 को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। आनी की ओर से जलोड़ी दर्रे तक बड़े वाहन सोमवार तक आवाजाही कर सकेंगे।