राशि से स्कूल में विभिन्न कार्यों, उपकरणों और शिक्षागत ढांचा हुआ मजबूत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। कन्या स्कूल रामपुर की सैकड़ों छात्राओं के लिए नए पुस्तकालय की सौगात मिली है। इसके अलावा स्कूल में 25 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पावर ग्रिड हिमाचल ट्रांसमिशन लिमिटेड ने स्कूल को करीब सवा 18 लाख से अधिक की आर्थिक मदद दी है, जिससे स्कूल में विभिन्न कार्यों, उपकरणों और शिक्षागत ढांचे को मजबूत किया गया है। स्कूल प्रशासन ने पावर ग्रिड प्रबंधन का आभार जताया है।
राजकीय उत्कृष्ट कन्या विद्यालय रामपुर में पावर ग्रिड हिमाचल ट्रांसमिशन लिमिटेड के सौजन्य से स्कूल को आर्थिकी सहायता मिली, जिससे स्कूल में 18 लाख 16 हजार 739 रुपये की राशि से विभिन्न कार्य किए गए हैं। प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने बताया कि स्कूल को मिली राशि से नए पुस्तकालय का निर्माण किया गया। साथ ही पुस्तकालय में बैठने के लिए 50 कुर्सियां, दो टेबल, एक कार्यालय के लिए टेबल, छात्राओं को बैठने के लिए डेस्क, पुस्तकालय में पुस्तकें रखने के लिए स्टैंड और स्कूल के लिए अन्य जरूरी सामान लिया गया। स्कूल में सुरक्षा के दृष्टिगत 25 सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए हैं। पावरग्रिड हिमाचल ट्रांसमिशन लिमिटेड की ओर से दी आर्थिक मदद से विभिन्न कार्यों को पूरा किया गया।
संस्था के डीजीएम प्रवीन कुमार ने कहा कि हर वर्ष पावरग्रिड हिमाचल ट्रांसमिशन लिमिटेड की ओर से अपनी सालाना कमाई का दो प्रतिशत हिस्सा क्षेत्र की उन्नति में लगाया जाता है। इस वर्ष जिला किन्नौर के ऊरनी में 11 लाख, गौरा स्कूल के लिए 18 लाख और कन्या स्कूल रामपुर के लिए 18 लाख 16 हजार 739 रुपये की आर्थिक मदद दी गई है। - संवाद