चाटी से 23 दिसंबर को लापता हो गया था युवक, सतलुज के किनारे मिला था शव
रोषजदा परिजनों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की उठाई मांग,
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। चाटी से लापता युवक की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने वीरवार को पुलिस थाना ब्रौ के बाहर हंगामा किया। गुस्साए परिजनों ने इस दौरान सरकार, प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान परिजनों ने युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। परिजनों ने चेताया कि अगर पुलिस जल्द कार्रवाई नहीं की तो तो प्रदर्शन को और उग्र किया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक एफएसएल की रिपोर्ट आना अभी शेष है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक 23 दिसंबर को जगातखाना पंचायत के चाटी गांव से निशांत नेगी, पुत्र बलविंद्र सिंह निवासी गांव ब्रुआ, तहसील सांगला, जिला किन्नौर किराए के कमरे से गायब हो गया था। परिजनों और मकान मालिक ने उसकी हर जगह तलाश की, लेकिन जब कोई पता न चला तो चार जनवरी को पुलिस थाना ब्रौ में युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। 22 जनवरी को युवक का शव चाटी में सतलुज के किनारे से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। वीरवार को युवक के परिजन और गांव के लोग जगातखाना पहुंचे और ब्रौ पुलिस थाना के बाहर प्रदर्शन किया। परिजनों ने आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
इनसेट
दबाव में काम कर रही पुलिस : परिजन
युवक के पिता बलविंद्र सिंह, चाचा कमलेश नेगी, बुआ पंचायत उप प्रधान सुंदर सिंह, अजय नेगी, सवाला नंद नेगी, जगजीवन राम, सुक्खू साजन, अनिल कपूर, तारा चंद, नरेंद्र नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि एक माह से युवक के परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में काम कर रही है। मामला प्रेम प्रसंग का है और पुलिस मामले में कोताही बरत रही है। उन्होंने चेताया कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे थाने के बाहर प्रदर्शन करते रहेंगे। आने वाले दिनों में प्रदर्शन को और उग्र किया जाएगा।
इनसेट
युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है। अभी एफएसएल रिपोर्ट आना शेष है। पुलिस आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है।
रविंद्र नेगी, डीएसपी आनी