क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता टीम मून लाईट ज्यूरी को सम्मानित करते मुख्यतिथि विधायक रामपुर नंद
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के दोफदा में न्यू राइजिंग स्टार क्लब की ओर से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता पर मूनलाइट ज्यूरी की टीम ने अपना कब्जा जमाया है। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में ठाकुर ब्रदर्स करतोट को हराकर ज्यूरी ने प्रतियोगिता के विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर स्थानीय विधायक नंद लाल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
न्यू राइजिंग स्टार क्लब दोफदा की ओर से आयोजित क्रिकेट महाकुंभ में इस बार मूनलाइट ज्यूरी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब पाया है। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर स्थानीय विधायक नंद लाल का सबसे पहले क्लब के अध्यक्ष रविंद्र कायथयान और क्लब के अन्य सदस्यों ने स्वागत किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मूनलाइट ज्यूरी और ठाकुर ब्रदर्स करतोट के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मूनलाइट ज्यूरी ने निर्धारित ओवर में 69 रन का लक्ष्य रखा। इस लक्ष्य का पीछा करते उतरी ठाकुर ब्रदर्स करतोट की टीम 60 रन पर ही ऑलआउट हो गई और मूनलाइट ज्यूरी टीम ने 9 रन से मैच जीता और क्रिकेट महाकुंभ की विजेता बनी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को मुख्यातिथि ने एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी से सम्मानित किया, जबकि उप विजेता टीम को 50 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी से पुरस्कृत किया गया।
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सौरभ को चुना गया और उसे 32 इंच के एलईडी टीवी बतौर पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर जिप अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, बीडीसी अध्यक्ष रामपुर आशीष कायथ, ब्रिजेश बिष्ट, दोफदा पंचायत प्रधान त्रिलोक शर्मा, उपप्रधान कैलाश कायथयान, क्लब के अध्यक्ष रविंद्र कायथयान, उपाध्यक्ष हितेश डंटा, सचिव अजेय जेल्टा, कोषाध्यक्ष मोगा थापटू सहित क्लब के सभी सदस्य मौजूद रहे।