त्रैमासिक बैठक में विभिन्न मदों पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ। (किन्नौर)। जिला परिषद किन्नौर की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को जिला परिषद सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस ने की।
बैठक में जहां गत मदों पर व्यापक चर्चा करके उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए, वहीं नए मदों पर भी संबंधित विभागों से उचित कदम उठाने के लिए कहा गया। बैठक का संचालन सदस्य सचिव एवं बीडीओ पूह अभिषेक ने किया। विभिन्न मदों को चर्चा के लिए सदन में रखा गया।
निहाल चारस ने कहा कि जिला परिषद की बैठकों से संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारियों का अनुपस्थित रहना एक गंभीर विषय है। उन्होंने भविष्य में सभी विभागों के सक्षम अधिकारियों को उपस्थित रहने के लिए कहा ताकि जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा कर उचित निर्णय लिए जा सकें। कहा कि जिला परिषद की बैठकों से सक्षम अधिकारियों की अनुपस्थिति को सदन ने गंभीरता से लिया है। अनुपस्थित अधिकारियों को नियमानुसार कारण बताओ नोटिस भी जारी किए जाएंगे।
निहाल चारस ने कहा कि जिला परिषद पंचायतीराज संस्थाओं में एक मुख्य कड़ी है जिसके माध्यम से संबंधित सदस्य जनहित से जुड़े मामलों को सदन में रखते हैं ताकि उनका समयबद्ध हल निकाला जा सके। इस दौरान जलशक्ति, बिजली बोर्ड, राष्ट्रीय उच्च मार्ग, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, उद्यान विभाग, पुलिस, एसजेवीएनएल सहित अन्य विभागों से जुड़े मदों पर चर्चा की गई।
बॉक्स
साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जागरुकता लाने पर जोर
जिला परिषद की बैठक में जिले में बढ़ते साइबर अपराध और नशे के प्रचलन पर पर चिंता व्यक्त की गई। पुलिस से ग्रामीण स्तर पर व्यापक जन जागरुकता लाने पर जोर दिया। सदन ने पुलिस अधिकारियों से ग्रामसभा की बैठकों में लोगों को साइबर अपराधों के बारे में जागरूक करने का आग्रह किया।
पंचायतों में बायोमैट्रिक मशीन से लगे हाजिरी
विकास खंड पूह की सभी ग्राम पंचायतों में बायोमैट्रिक मशीन से कर्मचारियों की हाजिरी लगाई जा रही है। निचार और कल्पा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में भी बायोमैट्रिक मशीनों से हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रिया नेगी, जिला परिषद के विभिन्न सदस्य, पीओ आईटीडीपी राजकुमार, बीडीओ कल्पा प्यारे लाल, जिला कल्याण अधिकारी बलवीर ठाकुर, अधिशाषी अभियंता विद्युत बोर्ड टशी नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।