मांगू स्कूल में निजी संस्था ने लगाया जागरुकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगू में निजी संस्था की मेडिकल मोबाइल यूनिट-3 अर्की की ओर से नशीली दवाओं की लत और मादक पदार्थों के सेवन पर जागरुकता सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में विद्यार्थियों को नशीली दवाओं के सेवन से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव, इसे रोकने के तरीके और नशे की लत के शिकार मरीजों के लिए पुनर्वास केंद्रों के बारे में जानकारी दी गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि आज युवाओं में नशा फैलता जा रहा है। इससे न केवल युवा पर असर पड़ रहा है, बल्कि परिवारों पर भी इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है। नशे की लत से कई घर बर्बाद हो चुके हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी। इस अवसर पर मांगू की छात्राओं को 71 सेनेटरी किट और उच्च विद्यालय पकोटी में 15 सेनेटरी किट वितरित किए गए।