पूह (किन्नौर)। किन्नौर जिले के पूह खंड के अंतर्गत पूह क्षेत्र में इन दिनों तेंदुआ रिहायशी क्षेत्रों में खुलेआम घूम रहा है। इससे क्षेत्र के लोग बुरी तरह से सहमे हुए हैं। तेंदुआ अभी तक क्षेत्र के कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरों की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई है।
इस समस्या को लेकर पूह ब्लॉक के लोगों ने जिला परिषद सदस्य पूह वार्ड शांता कुमार नेगी की अध्यक्षता में एस टू डीसी राजेंद्र गौतम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से तेंदुए को पकड़ने की व्यवस्था की जाए, जिससे क्षेत्र में किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
पूह पंचायत के प्रधान राजेश नेगी, ग्रामीण फूरबू नेगी, रोहित और अनु लोगों ने बताया कि पिछले छह महीने से तेंदुआ पूह गांव के जंगलों और आम रास्तों में खुलेआम घूम रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा दांव पर लग गई है। उन्होंने वन विभाग से मांग की तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरों की संख्या बढ़ाई जाए।