रामपुर बुशहर। सरकार से सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग को लेकर रामपुर कॉलेज में चौथे दिन भी प्राध्यापकों ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्राध्यापकों ने कहा कि सरकार ने पौने दो लाख कर्मचारियों को नए वेतनमान का लाभ दे दिया है लेकिन प्रदेश विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों आज तक इससे वंचित रखा जा रहा है। इससे कॉलेज प्राध्यापकों में प्रदेश सरकार के प्रति काफी रोष है।
उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि यूजीसी वेतनमान को जल्द लागू किया जाए। वीरवार को प्रदर्शन के चौथे दिन प्राध्यापकों ने कॉलेज गेट के बाहर प्रदर्शन किया। इसमें प्रो. एचसी नेगी, राजन नेगी, शेफाली ठाकुर, जेडी नेगी, आशा गर्ग, संदीप ठाकुर, अनीता, अजेंद्र, विपिन, जय सिंह, अनिल नेगी, नरेंद्र, गोपी चंद, प्रियंका ठाकुर और अंजलि मौजूद रहीं।