रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर के कल्पा ब्लॉक में वीरवार को मेजर डॉ. शशांक गुप्ता ने एसडीएम का पदभार संभाल लिया है। वह वर्ष 2018 बैच के हिमाचल प्रशासनिक अधिकारी हैं। इससे पहले वह सिरमौर जिले के पच्छाद क्षेत्र में बतौर एसडीएम सेवाएं दे चुके हैं । वर्ष 2010 से 2017 तक उन्होंने सेना चिकित्सा कोर में सेवाएं दी हैं।
उन्होंने एएफएमसी पुणे से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है। डॉ. शशांक गुप्ता ने कहा कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में चाहे एसडीओ (सिविल) का कार्यभार, साडा या जिला पर्यटन अधिकारी की जिम्मेदारी हो उसमें प्रशासनिक कार्यकुशलता लाना प्राथमिकता में रहेगा, जिससे लोगों के कार्य समय पर हो सकें। साडा ( विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण) के तहत सफाई व्यवस्था से संबंधित जो भी समस्याएं हैं, उसे किस तरह से हल किया जा सकता है, उसको लेकर विभाग और ठेकेदार के साथ बैठक की जाएगी। जिला पर्यटन अधिकारी के तौर पर स्कीइंग और राफ्टिंग की सुविधाओं में सुधार के लिए भी काम किया जाएगा।