डॉ. अमित कुमार शर्मा बने कुल्लू के उपायुक्त
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
हिमाचल सरकार ने किन्नौर और कुल्लू में नए उपायुक्त लगा दिए हैं। डॉ. अमित कुमार शर्मा को उपायुक्त किन्नौर से स्थानांतरित कर उपायुक्त कुल्लू नियुक्त किया गया है। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही अतिरिक्त प्रभार देख रहे एडीएम (विकास)-कम-परियोजना निदेशक डीआरडीए कुल्लू सुरजीत सिंह को इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वहीं सोनाक्षी सिंह तोमर जो वर्तमान में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें उपायुक्त किन्नौर नियुक्त किया गया है। कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव एम सुधा देवी की ओर से शुक्रवार को इस बाबत अधिसूचना जारी की गई। आईएएस अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा को कुल्लू के उपायुक्त पद से बीते दिनों हटाया गया था।
पहली बार 51 दिन तक खाली रहा डीसी पद
दी गई जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिले के इतिहास में पहली बार उपायुक्त का पद इतने लंबे समय तक खाली रहा। पिछले 51 दिनों से जिले में नियमित उपायुक्त की नियुक्ति नहीं हुई थी। हालांकि सदर एसडीएम कुल्लू का पद भी अभी खाली चल रहा है। यह पद भी पिछले 51 दिनों से रिक्त बताया गया है।
कसोल मामले के बाद हुआ था अधिकारियों का तबादला
जून महीने में पार्वती घाटी के कसोल में हुई कथित रेव पार्टी के बाद कुल्लू के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को लेकर मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा था। दी गई जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने कुल्लू के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और सदर एसडीएम को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रदेश सरकार ने अगस्त महीने में इन तीनों अधिकारियों का तबादला कर दिया था। इसके बाद से कुल्लू में उपायुक्त और सदर एसडीएम के पद रिक्त चल रहे थे।