ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। रामपुर विकास खंड के 15/20 क्षेत्र की दुर्गम पंचायत जगोरी की सड़क खस्ताहाल है। जगोरी-चंडी बरांडा सड़क की दुर्दशा से परेशान ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग के खिलाफ रोष है। जगोरी पंचायत और ग्रामीणों ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि यदि 15 दिन में सड़क की हालत नहीं सुधरी तो लोक सभा उपचुनाव का बहिष्कार किया जाएगा।
जगोरी पंचायत प्रधान किशोरी लाल, उपप्रधान हरदयाल चौहान, पंचायत सदस्य उषा किरण, चंद्र कला, केसर सिंह, बहादुर सिंह, सुभाष चंद, दीवान नेगी, राजेंद्र, मुकेश, विक्रम, प्रीतम, राजेश, अशोक सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के लचर रवैये के कारण जगोरी सड़क की स्थिति दयनीय बनी हुई है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत रुंगचा से चंडी तक 10 किलोमीटर सड़क का करोड़ों की लागत से निर्माण हुआ है, परंतु सड़क की अभी तक टारिंग पूरी नहीं हुई है। सड़क के करीब 4 किलोमीटर भाग में जी-1, जी-2 बिछा कर छोड़ दिया है। सड़क पर बिछाया गया गटका उखड़ रहा है, इस कारण गाड़ियां स्किड हो रही हैं। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि यदि 15 दिन के भीतर उनके गांव की सड़क ठीक नहीं की गई तो आगामी लोकसभा उपचुनाव का बहिष्कार करेंगे।
प्रधान किशोरी लाल ने बताया ने मुख्यमंत्री और विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दे दी है। परंतु सरकार और विभाग की ओर से समस्या के प्रति गंभीरता नहीं दिखाई जा रही, जिस कारण ग्रामीणों में विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर खासा रोष है।
उधर, लोक निर्माण विभाग रामपुर मंडल के एक्सईएन रजनीश बहल ने बताया चंडी-बरांडा सड़क को पीएमजीएसवाई में पक्का करने के लिए बजट का जो पैकेज अप्रूव था, उस पैसे से सड़क में दीवारों का निर्माण किया गया, जिस कारण टारिंग के लिए बजट कम हो गया। टारिंग पूरी करने के लिए 70 लाख के अतिरिक्त बजट की आवश्यकता है।