ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। ग्राम पंचायत ज्यूरी में विकास कार्यों में की गई धांधली की जांच के लिए नायब तहसीलदार रामपुर की अध्यक्षता में टीम ने पंचायत में विभिन्न मदों से बनाए गए करीब आधा दर्जन रास्तों का निरीक्षण किया।
इसके अलावा जांच टीम ने बहुउद्देशीय शॉपिंग कांप्लेक्स और मंगलाड में बन रहे कूड़ा संयंत्र का भी निरीक्षण किया। सरकार की ओर से ज्यूरी पंचायत प्रधान के खिलाफ पिछले कुछ महीनों से जांच चल रही है। जांच टीम पंचायत क्षेत्र में उन कार्यों की जांच कर रही है जो प्रधान ने कागजों में तो दर्शाए हैं लेकिन मौके पर किए ही नहीं गए हैं।
ज्यूरी में बिना एनओसी के बहुउद्देशीय मार्केट कांप्लेक्स में खर्च किए गए करीब छह लाख की राशि और पंचायत क्षेत्र में वर्ष 2012 से 2017 तक करीब दो लाख पौधों को लगाने में खर्च किए करीब पचास लाख की राशि की जांच भी शामिल है। इसमें 20 लाख से अधिक की राशि खरीद में ही दर्शाई गई है। जांच टीम को मौके पर मात्र 1848 पौधे और 1302 सूखे पौध व खाली गड्ढे मिले हैं।
जांच करने वाली टीम में रामपुर ब्लॉक के पंचायत निरीक्षक मुकुंद शर्मा, लोक निर्माण विभाग के जेई राकेश चंद, ब्लॉक के जेई अमन शर्मा, पंचायत सचिव रमेश मेहता, उपप्रधान बृज मोहन और शिकायतकर्ता भी साथ रहे। जांच टीम के अध्यक्ष नायब तहसीलदार डीसी नेगी ने बताया उन्हें 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर उच्च अधिकारियों को देनी है। उन्होंने बताया कि जल्द तकनीकी स्टाफ की टीम सभी रास्तों और दूसरे कार्यों की मेजरमेंट कर उन्हें सबमिट करेगी।