शिक्षा मंत्री ने कोटखाई में किए 116 करोड़ की परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लगभग 116 करोड़ की लागत के विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण किए। अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान प्रगतिनगर (गुम्मा) में लगभग 72 करोड़ के शिलान्यास और लोकार्पण किए। कहा कि इस संस्थान के विकास को गति मिलेगी। शिक्षा मंत्री ने 28 करोड़ की लागत से अभियांत्रिकी भवन एवं सभागार का लोकार्पण किया। 44 करोड़ की लागत से बनने वाले बहुतकनीकी भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। प्रदेश सरकार लोगों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं तकनीकी शिक्षा को रोजगार के साथ जोड़ा जा रहा है। संस्थान के आईटीआई भवन के निर्माण को डेढ़ करोड़ रुपये की राशि तुरंत जारी करने की घोषणा की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल आईटीआई में ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 11 करोड़ की राशि उपलब्ध की जा चुकी है। आईटीआई टिक्कर के भवन का निर्माण कार्य लगभग 6 करोड़ से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान में गेट के लिए भी बजट का प्रावधान किया जाएगा। बिजली की समस्या का उचित समाधान किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कोटखाई क्षेत्र के तितरीक्यार में गुम्मा-जशला- रियोघाटी-शरारू-उमला सड़क के स्तरोन्नयन कार्य का भूमि पूजन किया। 29 किलोमीटर इस सड़क का निर्माण लगभग 27 करोड़ से किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने हिमरी वैली की पजोल-थर्मला सड़क के स्तरोन्नयन कार्य का भी भूमि पूजन किया। 16 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 17 करोड़ से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बागवानी के दृष्टिकोण से क्षेत्र में सीए स्टोर का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर संस्थान के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शिक्षा मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निपटारे के दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, निदेशक तकनीकी शिक्षा अक्षय सूद, निदेशक अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान प्रगतिनगर उमेश राठौर, प्रधानाचार्य आईटीआई प्रगतिनगर कुलदीप चन्द, मुख्य अभियंता बीएसएनएल, डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा, तहसीलदार कोटखाई अरुण शर्मा उपस्थित रहे।