रिकांगपिओ में परिवहन कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर बनाई रणनीति।
- फोटो : RAMPUR-HP
रिकांगपिओ (किन्नौर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम रिकांगपिओ यूनिट के कर्मचारियों ने शुक्रवार को गेट मीटिंग की। इस दौरान कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन के मांगों को पूरा न करने पर विरोध प्रदर्शन किया। गेट मीटिंग में रिकांगपिओ यूनिट में कार्यरत परिवहन मजदूर संघ, एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन, एचआरटीसी सर्व कर्मचारी यूनियन, तकनीकी कर्मचारी यूनियन और इंटक के पदाधिकारी मौजूद रहे।
गेट मीटिंग के माध्यम से कर्मचारी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि राज्यस्तरीय परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने कर्मचारियों की मांगे पूरी न होने के कारण 14 सितंबर को एचआरटीसी मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें एचआरटीसी रिकांगपिओ यूनिट के कर्मचारी भारी संख्या में शामिल होंगे।
निगम के विभिन्न संगठनों ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन से एचआरटीसी को रोडवेज का दर्जा देना, भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करना, पीस मील कर्मचारियों को एकमुश्त अनुबंध पर लाना, चालकों का पूर्व की भांति 9880 रुपए का आरंभिक वेतनमान बहाल करने जैसी मांगें उठाई हैं।
मगर प्रबंधन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इससे कर्मचारियों को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। इस मौके पर सुंदर मोहन नेगी, बख्शी राम, रमेश कुमार, नंदलाल, रघुनाथ, कुलदीप, हंसराज, खेमेंद्र गुप्ता, हरीश कुमार, विजय श्याम और समर चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।