फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग ने लिया शिक्षकों की कोरोना जांच का निर्णय

विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर बुशहर। देश और प्रदेश में कोरोना संक्रमण का प्रभाव भले ही कम हुआ हो, लेकिन अभी तक संक्रमण पर पूरी तरह से अंकुश लगाने में कामयाबी नहीं मिल पाई है। ऐसे में महामारी का दौर जारी है और स्कूलों में अधिकाधिक संख्या में विद्यार्थियों का पहुंचना संक्रमण की दृष्टि से चिंताजनक है। इस कारण स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न स्कूलों में शिक्षा मुहैया करवा रहे शिक्षकों की कोरोना जांच करने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन

एक फरवरी से सरकार और शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मकालीन स्कूलों को खोलने की अनुमति दी है। शैक्षणिक सत्र का अंतिम दौर चल रहा है और छात्र अधिक संख्या में स्कूल आ रहे हैं।
बीते दिनों मंडी में एक साथ कई शिक्षकों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद रामपुर स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में शिक्षा दे रहे शिक्षकों के कोरोना टेस्ट करने का फैसला लिया है। इस संबंध में बीएमओ रामपुर डॉ. आरके नेगी ने संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर जांच के लिए सहमति मांगी है।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग को अब स्कूल प्रशासन के निर्णय का इंतजार है। यदि सब कुछ सही रहा तो जल्द ही स्कूल-स्कूल पहुंचकर शिक्षकों के कोरोना टेस्ट लिए जाएंगे। संक्रमण से बचाव और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग ने यह निर्णय लिया है।
विभाग विभिन्न क्षेत्रों से स्कूल पहुंचने वाले छात्रों के भी रेंडमली कोरोना टेस्ट लेगा। गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल कॉलेज रामपुर के हॉस्टलों में रह रहे छात्र-छात्राओं के 19 फरवरी को आरटीपीसीआर टेस्ट लिए जाएंगे, इनकी रिपोर्ट 20 फरवरी तक आ जाएगी। कॉलेज प्रशासन से मंजूरी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग को 17-18 फरवरी को हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की अंतिम सूची प्राप्त होगी। अब स्कूल प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य विभाग को कैसा जवाब मिलता है, इसके बाद ही विभाग अगली कार्रवाई अमल में ला सकेगा।
स्कूलों में जाकर की जाएगी सैंपलिंग
बीएमओ डॉ. आरके नेगी ने बताया कि रामपुर के विभिन्न स्कूल प्रधानाचार्यों से पत्राचार कर शिक्षकों की कोरोना जांच करवाने की सहमति मांगी गई है। शिक्षकों की स्कूल पहुंचकर ही सैंपलिंग की जाएगी। 19 फरवरी को पीजी कॉलेज के हॉस्टलों में रह रहे विद्यार्थियों की कोरोना जांच होगी। उन्होंने समाज और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सहयोग की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें