रोहडू़। दुर्गा माता मंदिर हाटकोटी में शारदीय नवरात्रों के दौरान भंडारे नहीं लगेंगे। इसके साथ ही प्रसाद चढ़ाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। मंदिर न्यास ने कोरोना महामारी को देखते हुए यह फैसला लिया है। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले कोविड की एसओपी का पालन करना होगा। श्रद्धालुओं को मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करने पर ही मंदिर में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। मंगलवार को न्यास के अध्यक्ष और एसडीएम रोहडू़ सुरेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक में शरद नवरात्रों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। उनके साथ मंदिर न्यास के सेवादार ओर सदस्य भी परिसर में सहयोग करेंगे। मंदिर परिसर में प्रवेश से पहले श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। प्रवेश से पहले हर श्रद्धालु को मास्क पहनना अनिवार्य रखा गया है। इस दौरान तय हुआ कि मंदिर में बाहर से आने वाले व्यापारियों को दुकानें और स्टॉल लगाने की अनुमति नहीं मिलेगी।
मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के खानपान के अस्थायी स्टॉल नहीं लगने दिए जाएंगे। बैठक में बिजली, पानी, यातायात और स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को लेकर संबंधित अधिकारी विभाग की सेवाओं को सुनिश्चित करेंगे। बैठक में मंदिर न्यास के कई अन्य मुद्दों को लेकर भी चर्चा की गई। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 के नियमों का मंदिर में दर्शन के दौरान सभी श्रद्धालुओं को सख्ती से पालन करना होगा।
आवश्यक सेवाओं को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है। मंदिर न्यास की बैठक में नायब तहसीलदार जुब्बल मौलक राम, न्यास सदस्य राम सरण काल्टा, कृष्ण चंद मांटा, शकुंतला डोड, पूर्ण सिंह रावत, विनोद चांजटा, खुशीराम शर्मा, सुरेंद्र पांटा, अनिल चतरांटा, पंकज खिमटा, चमन ठाकुर और काका खिमटा मौजूद थे।