सेब सीजन शुरू, एनएच पांच पर यातायात के लिए घंटों की पाबंदी लगाने से बागवानों की बढ़ेंगी परेशानियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
आम आदमी पार्टी जिला किन्नौर के अध्यक्ष मनीष कुमार नेगी ने एनएच-पांच के निगुलसरी और नाथपा ब्लॉक प्वाइंट को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जारी यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से इन संवेदनशील स्थानों पर स्थायी समाधान नहीं हो पाना सरकार और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मनीष नेगी ने कहा कि किन्नौर के निचले क्षेत्रों में सेब सीजन शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में बड़ी मात्रा में सेब की फसल मंडियों तक पहुंचाई जाएगी। ऐसे में एनएच-पांच पर बार-बार यातायात बंद होने या घंटों की पाबंदी लगने से बागवानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सड़क बंद रहने से तैयार फसल की गुणवत्ता और बागवानों को मिलने वाले उचित दाम पर भी असर पड़ सकता है। सेब किन्नौर की आर्थिकी की रीढ़ है और सेब सीजन के दौरान सड़क व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होने देना चाहिए। सरकार और प्रशासन को ऐसी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, जिससे बागवानों की फसल समय पर मंडियों तक पहुंच सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। निगुलसरी और नाथपा जैसे संवेदनशील स्थानों पर बार-बार यातायात रोकना, डायवर्जन करना और अस्थायी व्यवस्था बनाना स्थायी समाधान नहीं है। सरकार को सड़क सुरक्षा, पहाड़ के स्थिरीकरण और सुचारू यातायात के लिए ठोस एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सेब सीजन को देखते हुए बागवानों की गाड़ियों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित एवं सुचारू यातायात सुविधा दी जाए। साथ ही डायवर्जन की पर्याप्त व्यवस्था करने और यातायात बंद होने की स्थिति में लोगों को समय रहते सूचना देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।मनीष नेगी ने कहा कि किन्नौर की जनता और बागवानों को बार-बार अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि सुरक्षित और स्थायी सड़क व्यवस्था चाहिए। उन्होंने कहा कि सेब सीजन के दौरान सड़क बंद होने से बागवानों को होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी सरकार को समझनी होगी। वर्षों बाद भी समस्या का स्थायी समाधान न कर पाना सरकार की नाकामी को दर्शाता है।