ठियोग (रामपुर बुशहर)। उपमंडल ठियोग के रहीघाट के पास औद्योगिक क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। आग लगी देख लोगों ने इसकी जानकारी अग्निशमन विभाग को दी। गौरतलब है कि औद्योगिक क्षेत्र में छोटे-छोटे उद्योग लगे हैं।
जैकेट बनाने वाली कंपनी के बचे वेस्ट सामग्री को कर्मियों ने सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे के आग लगाई। तेज हवा के कारण आग फैलना शुरू हो गई। इसके बाद साथ लगते घासनी और बगीचे तक भी आग की लपटें उठना शुरू हो गईं। लोगों ने पुलिस को सूचित किया। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में धुआं ही धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
मौके पर आई पुलिस की टीम ने काम करने वाले सभी लोगों को हिदायत दी है कि भविष्य में वेस्ट को खुले में न जलाएं। यहां कारोबार करने वाले रमेश, राघव ने बताया कि क्षेत्र के हिसाब से यह एरिया नगर परिषद में आता है, लेकिन नगर परिषद की ओर से यहां कूड़ा उठाने के कोई इंतजाम नहीं है। उन्होंने नगर परिषद से इस बारे में ठोस कदम उठाने की गुहार लगाई है।