नौ गांव के लिए लगे चार ट्रांसफार्मर, एक भी विद्युत कर्मी नहीं
आए दिन विद्युत आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। उपमंडल की दुर्गम पंचायत लबाना सदाना में आज भी ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति एक वर्ष से राम भरोसे चल रही है। एक वर्ष से लाइनमैन का पद रिक्त है। इस कारण पंचायत के नौ गांवों के ग्रामीण आए दिन बिजली संबंधी समस्याओं से दो चार हो रहे हैं। खासकर, सर्दियों के मौसम में समस्या और भी बढ़ जाती है। ग्रामीणों को विद्युत आपूर्ति के लिए चार ट्रांसफार्मर तो लगे हैं, लेकिन इनका जिम्मा संभालने वाला कोई नहीं है। दुर्गम क्षेत्र 15/20 की लबाना-सदाना में एक वर्ष से ग्रामीण विद्युत संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के लिए कोई लाइनमैन ही नहीं है। ऐसे में हजारों उपभोक्ताओं को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में चार ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इससे क्षेत्र के जुलीकोट, लबाना, सदाना, शिंटी, धारला और चूरी सहित नौ गांवों के हजारों उपभोक्ता लाभान्वित होते हैं। विद्युत खराबी के वक्त यहां बिजली दुरुस्त करने के लिए गानवी से विद्युत कर्मी भेजा जाता है। विद्युत आपूर्ति बाधित और तकनीकी खराबी के वक्त ग्रामीण घंटों बिना बिजली के रहने को मजबूर हो जाते हैं। सर्दियों में उपभोक्ताओं को अधिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार और विद्युत बोर्ड से जल्द से जल्द क्षेत्र में लाइनमैन की तैनाती कर समस्या से छुटकारा दिलाने की मांग की है।
लबाना सदाना पंचायत प्रधान सुशील खन्ना ने कहा कि क्षेत्र में चार ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, लेकिन इनकी देख रेख और मरम्मत के लिए कोई कर्मचारी नहीं है। एक वर्ष से लाइनमैन का पद रिक्त पड़ा है। क्षेत्र के लोग आए दिन बिजली संबंधी समस्याओं से दो चार होते हैं। उन्होंने विद्युत बोर्ड प्रबंधन से रिक्त पद को भरकर ग्रामीणों को राहत देने की मांग की है।
बोर्ड में स्टाफ की कमी चल रही है। लबाना सदाना में विद्युत संबंधी समस्या होने पर गानवी से कर्मचारी भेजा जा रहा है।
- कुक्कू शर्मा, एक्सईएन, विद्युत बोर्ड रामपुर