सावन माह में गांव-गांव जाकर हजारों ग्रामीणों को देंगे सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
ग्रामीण अपने ईष्ट का फूलमालाओं से गर्मजोशी से करेंगे स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। परशुराम की चार ठहरियों में शुमार नोग घोड़ी के प्रमुख देव अधिष्ठाता देवता साहिब दमुख सात दिवसीय सावन माह दशोटी के प्रवास पर निकल चुके हैं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर सैकडों देवलुओं संग देवता साहिब अपने मंदिर परिसर से निकले। गांव-गांव जाकर देवता साहिब ग्रामीणों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देंगे। वहीं ग्रामीण भी अपने ईष्ट का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत करेंगे।
प्राचीन काल से चली आ रही धार्मिक परंपरा का बखूबी निर्वहन करते हुए देवता साहिब सबसे पहले कराली गांव से भ्रमण का आगाज करते हैं। उसके बाद देवता साहिब थाना, जगूनी, सनेई, पनोली, डंसा, बतूना, बेसड़ी और अंत में नोगीधार गांव में यह दौरा संपन्न होगा। गांवों में पहुंचने पर देवता साहिब का ग्रामीण गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। देवता साहिब के दौरे को लेकर ग्रामीणों को बेसब्री से इंतजार रहता है। गुर के माध्यम से जटिल समस्याओं का देवता साहिब विधिविधान के साथ समाधान निकाल कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लोगों को देते हैं। हर साल देवता साहिब सावन साजे के दिन और मकर में दियावली के दौरान दशोटी की परिक्रमा करते हैं। परशुराम मंदिर समिति के अध्यक्ष खेल चंद नेगी और महासचिव जीएल डमालू ने कहा कि सदियों पुरानी देव परंपरा का आज के इस आधुनिक युग में भी बखूबी निर्वहन किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों की अपने आराध्य देवता के प्रति अटूट आस्था कायम है।