सेवानिवृत्त कर्मियों को मिले 5, 10 और 15 फीसदी वित्तीय लाभ : कायथ
पेंशनरों ने बैठक कर कई मुद्दों पर किया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पेंशनर्स कल्याण संगठन इकाई रामपुर और रिकांगपिओ की मासिक बैठक रामपुर में हुई। संगठन के अध्यक्ष वीरभद्र सिंह कायथ की अध्यक्षता में बैठक हुई। विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया गया।
सरकार से पेंशन का स्थायी समाधान निकालने की मांग की गई। पेंशनरों ने मुख्य कार्यालय से इस संबंध में पत्राचार करने का निर्णय लिया। वहीं 65, 70, 75 वर्ष पूर्ण कर चुके सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 5, 10 और 15 फीसदी वित्तीय लाभ देने की मांग उठाई। चिकित्सा और अन्य भत्तों का भुगतान समयानुसार करने की भी मांग की। इसके अलावा एक जनवरी, 2016 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देय भत्ते का भुगतान शीघ्र किया जाए। बैठक में पेंशनरों से सरकार से जल्द उपरोक्त मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई है।
इस मौके पर महासचिव होशियार चंद जिश्टू, कोषाध्यक्ष प्रताप नेगी, ओपी ठाकुर, गोपाल शर्मा, मोती लाल नेगी, नरेंद्र परमार आदि मौजूद रहे।