भावानगर (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर में बारिश आफत बनकर बरस रही है। दो दिन से हो रही बारिश से हजारों लोगों की दुश्वारियां बढ़ी हुई हैं। लगातार हो रही बारिश से वांगतू-काफनू संपर्क सड़क पर शेरपा कॉलोनी के पास ऊपरी पहाड़ी दरकने से पांच घंटे यातायात ठप रहा और लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह भारी बारिश के चलते शेरपा कॉलोनी के पास ऊपरी पहाड़ी से चट्टानें दरक गईं। इसके चलते सुबह 6:00 बजे से 11:00 बजे तक यातायात बंद रहा। ऐसे में भावावैली की पांच पंचायतों के हजारों लोग आवाजाही करने में परेशानियां झेलते रहे। मार्ग से कटगांव, यांग्पा-1, यांग्पा-2, काफनू और क्राबा पंचायत के हजारों लोग सफर करते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को पांच घंटे तक मार्ग बंद रहने से परेशान होना पड़ा। लोक निर्माण विभाग ने सूचना मिलते ही बाधित मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू किया। मशीन की सहायता से मार्ग को बहाल किया गया। सड़क बहाल होते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
उधर, लोक निर्माण विभाग भावानगर के एसडीओ प्रमोद नेगी ने कहा कि भारी बारिश के चलते मार्ग पर ऊपरी पहाड़ी से चट्टानें गिर गईं थी। सूचना मिलते ही मशीनरी की मदद से बाधित मार्ग को बहाल किया गया।