नेरवा (रोहड़ू)। वीरवार रात नेरवा के केदी गांव में आग लगने से एक स्लेटपोश मकान जल कर राख हो गया। आगजनी की इस घटना में तीन कमरे और दो गौशालाएं और घर में रखा सारा सामान आदि जल कर राख हो गया। इस घटना के कारण दो परिवार बेघर हो गए हैं। प्रशासन नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार रात करीब साढ़े नौ बजे टीवी देख रहे सुरेश शर्मा की पत्नी सुलोचना व बेटे सिद्धार्थ को लकड़ी जलने की दुर्गंध आई। उन्होंने बाहर आकर देखा तो मकान चारों तरफ से आग से घिर चुका था। परिवार के सदस्यों ने बाहर निकल कर अपनी जान बचाई तथा मदद के लिए चिल्लाने लगे।
आग लगने की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के पूरे प्रयास किए लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते लकड़ी से बना पूरा मकान आग में जलकर राख हो गया। घटना में सूरत शर्मा और सुरेश शर्मा के परिवार बेघर हुए है।
तहसीलदार नेरवा ऋषभ शर्मा ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल पर भेजी गई है। नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट बनने के बाद प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सरकारी राहत प्रदान कर दी जाएगी।