नदी किनारे कार गिरी, दो युवकों की मौत
रारंग से रिकांगपिओ आते समय देर रात पांगीनाला के पास हादसा
ग्रामीणों, होमगार्ड जवानों ने बाहर निकाले शव
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ/सांगला(किन्नौर)।
किन्नौर जिले के पांगीनाला के पास रविवार देर रात कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों के शव को मौके से बाहर निकालकर रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचाया। दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार रारंग से रिकांगपिओ की ओर आ रही थी। इस दौरान अचानक पांगीनाला के पास कार एचपी 14-5338 अनियंत्रित होकर सतलुज नदी के किनारे गिर गई। हादसे में अरविंद (25) चालक पुत्र मोहन चंद निवासी ख्वांगी और विशाल (18) पुत्र विनय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना रात को लगभग डेढ़ बजे ख्वांगी के ग्रामीणों को मिली। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस स्टेशन रिकांगपिओ और अग्निशमन केंद्र को सूचित किया। ग्रामीण स्वयं भी घटना स्थल पर पहुंचे। अग्निशमन केंद्र रिकांगपिओ के कर्मचारी कपिल देव, प्रशामक अनिल कुमार, प्रशामक जगजीत सिंह और भगवान सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वहां से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
मौके पर नहीं पहुंचे पुलिस कर्मचारी
ग्रामीणों ने लगाया बदतमीजी करने का भी लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)।
पांगीनाला कार हादसे मामले में लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि वह मौके पर नहीं पहुंची। पूर्व उप प्रधान ख्बांगी अनिता नेगी, कोठी मंदिर मोहतमी राजेंद्र रैनसेरू, धरेंद्र भंडारी, एडवोकेट दीपक नेगी, उमेश नेगी, मनोज कुमार बुध सागर, जीवन सिंह मुकेश कुमार, विशाल पंचारस और भूपेंद्र सिंह का कहना है कि हादसे की सूचना रात को लगभग डेढ़ बजे ग्रामीणों ने अग्निशमन केंद्र रिकांगपिओ के साथ-साथ पुलिस को भी दी गई थी। लेकिन पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी रोष है। ग्रामीण और अग्निशमन केंद्र की टीम ने शवों को घटना स्थल से बाहर निकालकर रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचाया। इसके लगभग तीन घंटे बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। बताया कि ग्रामीणों ने पुलिस से देरी से आने का कारण पूछा तो पुलिस कर्मचारियों ने उनके साथ बदतमीजी से बात की। उधर, दो युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। उधर, एसपी गुरुदेव शर्मा ने बताया कि जैसे ही घटना की सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रिकांगपिओ पहुंचाया। लोगों की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं।