नेरवा। मंगलवार रात नेरवा से संदिग्ध अवस्था में गायब हुए आईपीएच कर्मी इंदर का अभी तक कोई सुराग नहीं चल पाया है। परिजनों की मांग पर पुलिस ने अब शिमला से डॉग स्क्वायड को बुलाया है। चार दिनों से गांव के लोग और पुलिस इंदर की तलाश में संभावित स्थानों को खंगाल चुकी है । बुधवार से रुसलाह क्षेत्र के जंगल, खाइयों व शालवी नदी में खाक छान चुके हैं।
वीरवार को पुलिस की चार टीमें बनाई गई। एक टीम नेरवा से फेडिजपुल, शालवी नदी में इंदर की तलाश में जुटी रही। दूसरी टीम उसकी पहली पत्नी रोहड़ू के पुजारली स्थित घर में छानबीन करने गई है। तीसरी टीम जहां इंदर को मंगलवार को देखा गया था वहां पर तलाश में जुटी है। चौथी टीम को मोहर सिंह की बहन के घर भेजा गया है। लेकिन, अभी तक इंदर का कोई सुराग नहीं लग पाया है। अब पुलिस डॉग स्क्वायड का सहारा लेने जा रही है।
आर गांव निवासी इंदर मंगलवार की रात को अचानक गायब हो गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इंदर मंगलवार को मोहर सिंह और कृष्ण दत्त के साथ देखा गया था। उस दिन इन तीनों ने नेरवा में शराब पी थी। सात बजे के करीब इंदर अपने दोनों साथियों से जुदा हो गया था। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है ।
डीएसपी चौपाल संतोष शर्मा ने बताया कि इंदर का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस के दल अलग-अलग स्थानों पर तलाश कर रहे हैं। अब डॉग स्क्वायड की सहायता ली जा रही है।