रामपुर बुशहर/रिकांगपिओ। रामपुर और किन्नौर जिले में एक ही दिन में कोरोना संक्रमण के 39 नए मामले सामने आए हैं। प्रशासन लोगों से लगातार एहतियात बरतने की अपील कर रहा है।
रामपुर में बुधवार को सात लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक व्यक्ति रामपुर बाजार, जबकि छह मामले खनेरी में पेश आए हैं। इनमें तीन लोग एसबीआई इंश्योरेंस के कर्मचारी हैं। प्रशासन ने रामपुर बाजार स्थित हरबंस लाल एंड सन्स और खनेरी स्थित एसबीआई इंश्योरेंस कार्यालय को आगामी आदेशों तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ननखड़ी तहसील के तहत भी कोरोना संक्रमण के चार मामले सामने आए हैं। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने उपमंडल के लोगों से संक्रमण से बचने के लिए सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
किन्नौर जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण में 28 नए मामले सामने आए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया कि जिले में 186 सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 182 की रिपोर्ट निगेटिव, जबकि चार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बीते दिन आईजीएमसी शिमला भेजे गए 63 सैंपलों की रिपोर्ट आई है, जिसमें 24 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें 13 पुरुष और 11 महिलाएं शामिल हैं।