सांगला(किन्नौर)। जिले के टापरी में कृषि कानून, मजदूर विरोधी नीतियों और हाथरस कांड के खिलाफ कांग्रेसी सड़क पर उतरे। टापरी में बुधवार को निचार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीर सिंह नेगी की अगुवाई में किसान विरोधी कानून, हाथरस कांड और महंगाई के खिलाफ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकर के खिलाफ जन आक्रोश रैली निकाली।
रैली में किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष उमेश नेगी विशेष रूप से मौजूद रहे। छोलतु वन विभाग के विश्राम गृह में निचार खंड के सभी कांग्रेसियों ने रणनीति तैयार की। इस दौरान छोलतू से लेकर सब्जी मंडी होते हुए स्थानीय टापरी बस स्टैंड तक रोष रैली निकाली गई। विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि देश में भाजपा सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटकर हत्या की जा रही है। जिससे हमारे संविधान को खतरा पैदा हो गया है। हाल ही में यूपी के हाथरस कांड की पीड़िता युवती को परिजनों को बताए बिना रात के 2 बजे जला दिया गया। साथ ही कृषि कानून जो कि राज्य सभा में बगैर वोटिंग के पास करवाया गया। देश में बढ़ती महंगाई और अन्य गंभीर समस्याओं को लेकर किन्नौर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। नेगी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह देश में लोकतंत्र की रक्षा करने के साथ किसान विरोधी कानून, देश की बेटियों की सुरक्षा और महंगाई सहित कई अन्य समस्याओं का समाधान करे।
इस मौके पर महासचिव देवेंद्र सिंह नेगी, जिला महासचिव सुखदेव नेगी, जिला उपाध्यक्ष पदमपुर नेगी, किसान मजदूर खेत खलिहान अध्यक्ष अनिल नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्षा निचार ब्लॉक मीरा नेगी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रताप नेगी, निचार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत नेगी, जिला परिषद सदस्य चगांव वार्ड सत्या देवी नेगी, केवल नेगी, मानभक्ति नेगी, सुमित्रा नेगी, स्टेफी नेगी और धनवीर नेगी सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।