अनीता हत्या मामले को को लेकर सीआईडी अपने हाथों में लेने के बाद लोगों के साथ बातचीत करते हुए
- फोटो : RAMPUR-HP
ज्यूरी(रामपुर बुशहर)। रामपुर पीजी कॉलेज की छात्रा अनीता नेगी की निर्मम हत्या के मामले की जांच अब सीआईडी करेगी। हत्या के 17 दिनों के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस विभाग ने यह फैसला लिया है। मंगलवार को सीआईडी की साइबर क्राइम के एसपी रोहित मालपानी और एसपी क्राइम वीरेंद्र कालिया ने ज्यूरी में डेरा डाल दिया है।
मंगलवार को दोनों अधिकारियों घटनास्थल का का दौरा किया और स्पेशल सर्च टीम से घटनास्थल के आसपास सर्च अभियान भी चलाया। अनीता को न्याय मिलने में हो रही देरी को लेकर परिजनों के साथ ही क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है।
इसको लेकर व्यापार मंडल ज्यूरी, किन्नौर कल्याण समिति, महिला मंडल कोटला और कुनी कोटला के ग्रामीणों ने पुलिस चौकी ज्यूरी का घेराव किया। इसको देखते हुए सीआईडी के जांच अधिकारी एसपी रोहित मालपानी और एसपी वीरेंद्र कालिया ने विरोध करने आए लोगों को पूरी वस्तुस्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में तेजी लाई जाएगी।
उन्होंने लोगों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग करने की अपील की। गौर हो कि अनीता हत्याकांड गुत्थी को सुलझाने के लिए एसपी शिमला, आईजी और डीजीपी घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं। लेकिन अभी पुलिस हत्यारे से दूर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब मामले की जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा गया है। सीआईडी एसपी क्राइम ब्रांच वीरेंद्र कालिया ने बताया सारी टीम मामले को जल्द सुलझाने के लिए जुट गई है।
मोहन मेहता