भीमा काली मंदिर सराहन में लोग दर्शन करते हुए
- फोटो : RAMPUR-HP
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। भीमाकाली मंदिर सराहन में चैत्र नवरात्र के पहले नवरात्र पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। पहले नवरात्र पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आना-जाना लगा रहा। दोपहर तक मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां भीमाकाली के जयकारे भी लगाए।
कोरोना महामारी के कारण चल रही बंदिशें खत्म होने के बाद नवरात्र से श्रद्धालुओं ने गर्भगृह में जाकर मां भीमाकाली के दर्शन किए। नवरात्र पर मंदिर में भंडारे का भी आयोजन किया गया। ट्रस्ट के अधिकारी बालक राम नेगी ने बताया पहले नवरात्र पर सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। एहतियातन श्रद्धालुओं का पंजीकरण भी करवाया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस, होमगार्ड और मंदिर न्यास के कर्मचारियों को तैनात किया गया था।
हाटकोटी मंदिर में दर्शन के लिए लगीं कतारें
रोहडू़। चैत्र नवरात्र के पहले दिन ऐतिहासिक हाटकोटी मंदिर में सैकड़ों लोगों ने मंदिर में माथा टेका। इस दौरान मंदिर को खूब सजावट की गई थी। मंदिर में पहले भी भंडारे का आयोजन भी किया गया जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर न्यास के अध्यक्ष और एसडीएम रोहडू़ सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि नवरात्र को लेकर सभी तैयारियां की गई हैं।