चूड़धार में जायजा लेते एसडीएम चौपाल। -संवाद
चौपाल(रोहडू़)। चूड़धार मंदिर में सुरक्षा की दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इससे मंदिर परिसर में हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में कूड़ेदान भी स्थापित किए जाएंगे। एसडीएम चौपाल एवं चूड़धार मंदिर कमेटी के अध्यक्ष चेत सिंह ने यह बात कही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र को साफ सुथरा रखने के लिए चूड़धार जाने वाले मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर कूड़ेदान लगाए जाएंगे। इससे मंदिर परिसर और मार्ग में सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य को जल्द अंजाम दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोग कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें। उन्होंने कहा कि बीते दिन उन्होंने मंदिर का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने मंदिर में हो रहे जीर्णोद्धार कार्य का भी जायजा लिया।
प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आदेशों के अनुसार मंदिर को सिर्फ दर्शन के लिए ही खोला जा सकता है। चूड़धार मंदिर में सराय को अभी तक बंद रखा गया है। एसडीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोग दोपहर बाद मंदिर जाने का कार्यक्रम न बनाएं। एसडीएम ने कहा है कि जैसे ही सरकार इस संबंध में कोई निर्देश जारी करती है, सराय को श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए खोल दिया जाएगा।
फिलहाल लोग दोपहर से पहले दर्शन के लिए मंदिर जाने का कार्यक्रम तय करें। इससे वह शाम को घर वापस लौट सकें। एसडीएम चेत सिंह ने चूड़धार सेवा समिति के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भी मंदिर में सुविधाएं प्रदान करने और बेहतरी की दिशा में कार्य करने को लेकर मंथन किया।