उपायुक्त अमित कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। मेरा युवा भारत की ओर से युवाओं में नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास के लिए रिकांगपिओ में तीन दिवसीय फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप शनिवार को शुरू हुआ। यह कैंप 10 अगस्त तक चलेगा। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी और वित्तीय जागरूकता के साथ सशक्त बनाना है। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम से हुई। इसके बाद उपायुक्त किन्नौर अमित कुमार शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर बूटकैंप का शुभारंभ किया। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत किन्नौर, शुभम चंद्रन ने कार्यक्रम की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बूटकैंप युवाओं को नेतृत्व, आत्मविश्वास और संचार कौशल जैसे जीवन-कौशल से सशक्त करेगा। परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास शर्मा ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। शर्मा ने युवाओं से अवसरों का लाभ उठाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उपायुक्त अमित कुमार शर्मा ने कहा कि नेतृत्व जिम्मेदारी लेने और सही निर्णय करने की क्षमता से विकसित होता है। उन्होंने युवाओं से बूटकैंप के ज्ञान को जीवन और समाज के विकास में उपयोग करने का आग्रह किया।
बूटकैंप के पहले दिन ब्रह्माकुमारी टीम ने संचार कौशल और विकास विषय पर सत्र आयोजित किया। इस सत्र में प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के महत्व पर जानकारी दी गई। इसके बाद राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी यशवंत राणा ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने देश के विकास में युवा भागीदारी विषय पर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
दिन के अंतिम सत्र में वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता, किन्नौर, दिल बहादुर नेगी ने वित्तीय साक्षरता पर प्रशिक्षण दिया। इस सत्र में युवाओं को बचत, वित्तीय योजना और जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया।