सेरीपुल में फिर धंसी सड़क, चार पंचायतों का कटा संपर्क
ठियोग में िस्क्ड करने से पहाड़ी से टकराई एचआरटीसी बस, बाल-बाल बचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सीजन के पहले हिमपात से जहां हजारों किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली है, वहीं बर्फबारी से लोगों की परेशानियां भी बढ़ी हैं। सोमवार को बर्फबारी के कारण एनएच-पांच नारकंडा में वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध रही। रामपुर के दो स्थानों में निगम की बसें फंस गईं। 12/20 क्षेत्र को जोड़ने वाले तकलेच-देवठी सड़क भी सेरीपुल के पास बाधित हो गई है। यहां आने वाले दिनों में भी लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी।
रविवार रात को हुई बर्फबारी से लंबे समय से चले आ रहे सूखे से कुछ हद तक राहत मिली है, वहीं बर्फबारी यातायात सुविधाएं प्रभावित होने लग गई हैं। सोमवार को भी रामपुर उपमंडल के छह रूटों पर निगम की बसों की आवाजाही ठप रही। बस सेवाएं ठप होने से हजारों ग्रामीणों को आवाजाही करने में परेशानी झेलनी पड़ीं। बर्फबारी से नारकंडा में एनएच-पांच पर सुबह के समय वाहनों की आवाजाही बंद रही। रामपुर से शिमला की ओर निगम की बसों को वाया सुन्नी होकर भेजा गया। रामपुर से रोहड़ू जाने वाली बसों को भी जराशी तक भेजा जा रहा है, यहां से आगे सवारियों को ट्रांसमिट कर भेजा जा रहा है। बर्फबारी से रामपुर की दरकाली पंचायत का संपर्क कटा हुआ है, जबकि रामपुर-ननखड़ी सड़क खमाड़ी में अवरुद्ध हो गई है। इन दोनों स्थानों पर निगम की एक-एक बस फंस गई है। 12/20 क्षेत्र की चार पंचायतों को जोड़ने वाला तकलेच-देवठी मार्ग सेरीपुल में सड़क धंसने से अवरुद्ध हो गया है। भूमि धंसने के कारण हजारों ग्रामीणों को आवाजाही करने में कठिनाइयां झेलनी पड़ रही हैं। हालांकि, लोक निर्माण विभाग बाधित सड़क को बहाल करने में जुटा हुआ है। यदि आगामी दिनों में बर्फबारी का सिलसिला यूं ही जारी रहा, तो ग्रामीण इलाकों का संपर्क बाधित हो सकता है। वहीं, सुबह के समय एनएच-पांच ठियोग के पास अचानक एचआरटीसी की बस स्किड होने से पहाड़ी से जा टकराई। गनीमत रही कि लोग बाल-बाल बच गए।
बर्फबारी के कारण दो स्थानों पर निगम की बसें फंसी हुई हैं। रामपुर से रोहड़ू की ओर बसों को जराशी तक भेजा जा रहा है। सेरीपुल में सड़क धंसने से देवठी की ओर बसों की आवाजाही ठप है। सड़कें बहाल होते ही निगम की बसों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।
- राजेंद्र पाल, अड्डा प्रभारी, परिवहन निगम रामपुर
नारकंडा में सीजन का पहला बर्फबारी होने के बाद खूबसूरत नजारा। संवाद
नारकंडा में सीजन का पहला बर्फबारी होने के बाद खूबसूरत नजारा। संवाद