देशभर के नामी पहलवान दिखाएंगे दमखम, 8 मई को शोभायात्रा से होगी शुरुआत
विजेता को चैहड़ केसरी के खिताब से नवाजा जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी भराड़ी(बिलासपुर)। प्रदेश के बड़े दंगलों में शुमार घुमारवीं के चैहड़ दंगल का आगाज 8 मई को तीस ढोलियों और लोक संस्कृति की झलक से होगा। क्षेत्र के महिला मंडल और लोक कला मंच शोभायात्रा में भाग लेंगे। विजेता को चैहड़ केसरी के खिताब से नवाजा जाएगा।
शिव मंदिर से शोभायात्रा शुरू होगी। इसके बाद चैहड़ में लखदाता मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी। अखाड़े की पूजा कर दंगल शुरू होगा। इसी के साथ नामी पहलवान और तीन बार महाराष्ट्र केसरी विजेता रहे बालू बोड़के भी अखाड़े में जौहर दिखाएंगे। महज 23 वर्ष की उम्र में 97 किलो भार वाले इस पहलवान का नाम देशभर में जाना जाता है। कमेटी प्रधान ने बताया कि महाराष्ट्र के इस पहलवान से बात कर कुश्ती तय कर दी गई है। इसके अलावा पंजाब रुस्तम जस्सा पट्टी और महाराष्ट्र के पृथ्वीराज मोहोल का नाम पहले तय हो चुका है। वहीं कुछ पहलवान ऐसे आएंगे जो यहां पहली बार दर्शकों के बीच होंगे। इन पहलवानों को पूरे सम्मान के साथ कुश्ती स्थल तक लाया जाएगा। इसके लिए हिमाचल के प्रसिद्ध ढोलक वादक मुस्ताक सहित 30 ढोली मौजूद रहेंगे। कमेटी प्रधान जोगिंदर जोगी ने बताया कि चैहड़ में होने वाला यह 12वां भारत केसरी दंगल है।
पूरे भारत वर्ष में यह दंगल अपना रुतबा कायम कर चुका है। इसके तहत अब कमेटी भी दंगल को नए आयाम तक ले जाने के लिए नई रूपरेखा से कार्य कर रहा है। देश के नामी पहलवानों को दर्शक देख सकें, इसके लिए 15 फुट ऊंचे घूमने वाले स्टेज को लगाया जाएगा। बड़े पहलवानों को स्टेज पर खड़ा करके दर्शकों के रूबरू करवाया जाएगा। पहलवानों को कमेटी की तरफ से नकद इनामी राशि, गुर्ज सहित प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय युवा पहलवानों के लिए भी कुश्तियां रखी गई हैं।