नित्थर (कुल्लू)। नित्थर क्षेत्र में जंगली जानवरों के हमलों से लोग खौफजदा हैं। उपतहसील नित्थर की ग्राम पंचायत पलेही के शीलधार में भालू ने युवक पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। इस हमले में युवक के सिर, बाजू और टांगों में गंभीर चोटें आई हैं। युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नित्थर में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला रविवार सुबह के समय का है जब शीलाधार निवासी सुरेश कुमार घोरला के साथ शाणी में सड़क के साथ वाले रास्ते से गुजर रहाथा। इसी बीच भालू से उसका सामना हो गया। बचाव के लिए युवक भागा तो भालू उसके पीछे दौड़ा और हमला कर दिया। किसी तरह से शोर मचाकर युवक ने अपनी जान बचाई और भालू जंगल की ओर भाग गया। डॉ. अमित कश्यप ने बताया कि भालू के हमले में युवक को गंभीर चोटें आई हैं।
डीएफओ वन सर्किल लूहरी केवी नेगी ने कहा कि हमारी नजर हर उस जगह पर है, जहां पर भालू का कहर ज्यादा है। सर्किल के वन रक्षक को भी ऐसी जगहों पर पिंजरे स्थापित करे के आदेश दिए गए हैं। जहां भालू के हमले में घायल युवक को उचित मुआवजा दिया जाएगा। लूहरी पुलिस चौकी में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।