संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। जंगलों में भड़की आग के कारण जंगली जानवर रिहायशी इलाकों की तरफ रुख कर रहे हैं। वीरवार को उपमंडल रामपुर की रचोली पंचायत में भालू ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया है। पीड़ित को उपचार के लिए महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया है। स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को भगाने और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने की मांग की है। भालू के हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सभी ग्रामीण भालू की समस्या से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, वीरवार दोपहर करीब 12 बजे चुन्नी लाल, निवासी हलोग, तहसील रामपुर, जिला शिमला अपनी पत्नी के साथ जंगल में बकरियां चरा रहा था। अचानक झाड़ियों में छिपे भालू ने चुन्नी लाल पर जानलेवा हमला कर दिया । हड़बड़ाहट में वह कुछ न कर पाया। इस हमले में भालू ने चुन्नी लाल की गर्दन, चेहरे और सिर पर अपने तेज नाखुनों से वार कर उसे बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। हमले के बाद भालू ने दहाड़ना शुरू किया। भालू के जानलेवा हमले में घायल हुए चुन्नी लाल ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। उसकी आवाज सुनकर उसकी पत्नी रूपदासी भी मौके पर पहुंची और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। चिखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर भालू मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से हमले में घायल चुन्नी लाल को रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। भालू के इस तरह हुए हमले के बाद स्थानीय ग्रामीण सहमे हुए हैं और गांव में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से भालू को भगाने की मांग की है, ताकि किसी भी प्रकार के हादसे से बचा जा सके। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की मांग की है।
वन विभाग रामपुर के डीएफओ हरदेव नेगी ने बताया कि भालू के हमले में एक व्यक्ति घायल हुआ है। मौके पर वन रक्षक और अन्य कर्मियों को भेजा गया है। भालू को भगाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भालू के हमले में घायल व्यक्ति के उपचार का खर्चा वन विभाग वहन करेगा।