रामपुर बाजार में बसंत पंचमी पर्व पर ढोल नगाढ़ों के साथ भगवान रघुनाथ की रथयात्रा निकालते लोग
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर में शनिवार को बसंत पंचमी के पावन पर्व पर भीमाकाली ट्रस्ट के सहयोग से भगवान रघुनाथ की रथयात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा रामपुर शहर भगवान रघुनाथ के जयकारों से गूंज उठा। रथयात्रा में शहर के श्रद्धालुओं ने भी भरपूर सहयोग दिया। पुराने बस अड्डे से लेकर पद्म छात्र स्कूल के मुख्यद्वार तक ढोल-नगाढ़ों के साथ रथयात्रा निकाली गई। इसके बाद रथयात्रा वापस अयोध्या नाथ मंदिर पहुंची।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग-पांच पर निकली भगवान रघुनाथ की रथयात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने भाग लिया। रथयात्रा में एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन भी शरीक हुए। उन्होंने भगवान रघुनाथ का रथ खींचकर श्रद्धालुओं के साथ भागीदारी सुनिश्चित की। इस दौरान लोगों ने भगवान रघुनाथ के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर मां भीमाकाली मंदिर ट्रस्ट के अधिकारी बीआर नेगी, आनंद नेगी, केडी कश्मीरी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।