बोले, जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो बोर्ड के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। बिजली बोर्ड में पेंशनरों को पेंशन के लाले पड़ गए हैं। लंबित मांगें जब तक पूरी नहीं होंगी, धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। यह बात विद्युत परिषद संयुक्त मोर्चा के धरना-प्रदर्शन के दौरान संयुक्त मोर्चा विद्युत परिषद कुमारसैन के संयोजक सुंदर सिंह जिष्टू ने कही।
शनिवार को भी मांगों को लेकर 1:30 से 2:00 बजे तक धरना-प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन में कोटगढ़-खनेटी इकाई और कुमारसैन के पेंशनरों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को वेतन छह जनवरी को मिल गया है, लेकिन पेंशनर की अदायगी पर अभी तक परिषद कार्यकारिणी चुपी साधे बैठी है। उन्होंने चेताया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक संयुक्त मोर्चा का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। संयुक्त मोर्चा ने आग्रह किया कि पेंशनरों को जल्द पेंशन दी जाए और ओपीएस बहाल की जाए। इस मौके पर पेंशनर फोरम कुमारसैन इकाई के अध्यक्ष घनश्याम और कोटगढ़ खनेटी इकाई के अध्यक्ष सुंदर सिंह कंवर मौजूद रहे।