ीजी कॉलेज रामपुर में एबीवीपी ने चलाया हस्ताक्षर अभियान।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। पीजी कॉलेज रामपुर में विद्यार्थी कई प्रकार की समस्याओं से जूझ रहे हैं। कॉलेज में जहां हजारों छात्रों को पढ़ाने के लिए पर्याप्त प्राध्यापक नहीं हैं, वहीं छात्रों को अन्य समस्याओं से भी जूझना पड़ रहा है। इसी कड़ी में गोविंद वल्लभ पंत महाविद्यालय रामपुर की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई ने कॉलेज की विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसके माध्यम से इकाई ने सरकार और कॉलेज प्रशासन को चेताया कि अगर जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया तो इकाई उग्र आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सह मंत्री प्रदीप ठाकुर ने कहा कि रामपुर कॉलेज में करीब पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बावजूद इसके कॉलेज में प्राध्यापकों के कई पद रिक्त चल रहे हैं। इसके कारण हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। वहीं महाविद्यालय में ब्वॉयज हॉस्टल के भवन की हालत भी खस्ता बनी हुई है।
छात्र संगठन ने कहा कि भवन की मरम्मत करना बहुत जरूरी है। महाविद्यालय में एक ही कक्षा के विद्यार्थियों की एक समय में अलग-अलग दो कक्षाएं लगाई जा रही हैं। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मगर कॉलेज प्रशासन समस्याओं को दूर करने के लिए गंभीर नहीं है।
इसको देखते हुए बुधवार को इकाई ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर सरकार और कॉलेज प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो एबीवीपी उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होगी। इस मौके पर इकाई अध्यक्ष निशांत ठाकुर, निशा ठाकुर, गौरिक शर्मा, अमन अदिति, वंशज, चंद्रेश, मीनाक्षी और शैलजा सहित कई अन्य मौजूद रहे।