नित्थर (कुल्लू)। आम आदमी पार्टी की बैठक उपतहसील नित्थर में हुई। बैठक में केजरीवाल की मंडी रैली के आयोजन को लेकर विस्तार से रणनीति बनाई गई और कई मुद्दों पर मंथन किया गया। बैठक में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि 2022 के विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में पार्टी बढ़चढ़ कर भाग लेगी।
बैठक में कई कांग्रेस और युवा कामरेडों ने भी भाग लिया। निरमंड के युवा नेता हीरा पाल, चेतन चौहान, नंद लाल समेत कई लोग बैठक में पहुंचे और आम आदमी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। आम आदमी पार्टी आनी के अध्यक्ष किशन वर्मा ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य 6 अप्रैल को होने वाली मंडी में केजरीवाल की रैली को लेकर रूपरेखा तैयार की गई।
इस रैली से हिमाचल में बदलाव की मुहिम तेज होगी। आज हर आदमी आम आदमी पार्टी से जुड़ना चाहता है। दोनों पार्टियों ने हिमाचल में राज किया है और लोग अब बदलाव चाहते हैं। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में स्वास्थ्य, शिक्षा पर बेहतरीन कार्य किया है और उसी तर्ज पर हिमाचल में भी विकास किया जाएगा।
इस मौके पर आप यूथ विंग आनी विधानसभा क्षेत्र एसपी कश्यप, किसान विंग के अध्यक्ष विजय कायथ, उपाध्यक्ष आम आदमी पार्टी आनी दीप राम, हीरा पॉल, इंद्रपॉल, चेतन चौहान, अमर सिंह, संतोष शर्मा, रमेश कुमार और चमन समेत कई अन्य मौजूद रहे।