अमर उजाला ब्यूरो
कोटखाई (रोहड़ू)।
क्यारवी व बघाल पंचायत के अंतर्गत आधा दर्जन से अधिक गांव में ओलावृष्टि से सेब की फसल को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। वीरवार शाम हुई ओलावृष्टि ने बागवानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। बागवानी विभाग की ओर से ओलावृष्टि से करीब 2.50 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
उद्यान विभाग के विषय वाद विशेषज्ञ धर्मवीर कालटा ने बताया कि वीरवार शाम करीब पांच बजे बघाल, धारण, चोंरी, रेंदल, डाबर, छनोत, चांबीधार सहित कई गांव में ओले गिरे। इससे सेब, नाशपाती की फसल को काफी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि करीब दस मिनट तक रुक-रुक होती रही। भारी ओलावृष्टि से सेब के पौधों से फूल जमीन पर गिर गए। विभाग की ओर से शुक्रवार को नुकसान का आकलन किया गया।