संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहडू)। तहसील परिसर चौपाल में एचडीएफसी बैंक की चौपाल शाखा की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसका शुभारंभ एसडीएम चौपाल नरायण चौहान ने किया। इस शिविर में 80 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस शिविर में बैंक के अधिकारी, कर्मचारी, सहित कई स्वयंसेवकों ने भी रक्तदान किया है। सहायक प्रबंधक नरेंद्र रपटा ने कहा कि बैंक वित्तीय मामलों के अलावा सामाजिक उत्थान के कार्य भी करता है।
एसडीएम नरायण चौहान ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे हम किसी का जीवन बचा सकते हैं। हर स्वस्थ व्यक्ति को प्रत्येक तीन माह पर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें जितनी रक्त की आवश्यकता है, उतनी मात्रा में लोग रक्तदान नहीं कर रहे हैं। युवा और स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान कोई नुकसान नहीं है बीमार के लिए रक्तदान जीवन की आशा है, जीवन को वापस देने के लिए रक्तदान अवश्य करें। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि निश्चित रूप से रक्तदान करें तथा लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।