रिकांगपिओ में इंडिया पोस्ट
पेमेंट्स बैंक का विधिवत शुभारंभ
सांसद ने नाको, चांगो और ज्ञाबुंग में सुनीं जनसमस्याएं
अमर उजाला ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। रिकांगपिओ में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक शाखा का शुभारंभ शनिवार को मंडी लोकसभा सांसद रामस्वरूप शर्मा ने किया। जिला किन्नौर में स्थापित चार एक्सेस प्वाइंट पांगी, मेबर, पवारी और बारंग में भी इसका शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक किन्नौर तेजवंत सिंह नेगी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में अधीक्षक डाकघर रामपुर मंडल रूपेंद्र सिंह राणा ने मुख्य अतिथि शिरकत की।
सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से भारत सरकार द्वारा ग्रामीणों को बैंक सेवाओं से जोड़ने और बैंक सेवाएं लोगों के घरद्वार उपलब्ध करवाने की अनूठी पहल है। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा आईपीपीबी के देशव्यापी शुभारंभ का तालकटोरा स्टेडियम नई दिल्ली से सीधा प्रसारण भी उपस्थित लोगों को दिखाया गया। इसके अतिरिक्त इस अवसर पर खाता धारकों का क्यू आर कार्डों का वितरण भी किया गया। इससे पूर्व राम स्वरूप शर्मा ने नाको, चांगो और ज्ञाबुंग में जनसमस्याएं भी सुनी। नाको में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिला किन्नौर में राष्ट्रीय ग्रामीण योजना के तहत लगभग एक करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से जिला किन्नौर की 14 बस्तियों में पेयजल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रावधान किया गया है, जिसके तहत आठ पेयजल योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है और दो योजनाओं का कार्य भी इसी वर्ष पूरा हो जाएगा। वहीं चार योजनाओं का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 6 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से कामरू से कूपा तक बहाव सिंचाई योजना का कार्य प्रगति पर है, जिससे सांगला, कामरू व थेमगरंग पंचायतों की 560 हेक्टर भूमि सिंचित होगी। इससे तीनों पंचायतों के लगभग पांच हजार लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि गार्डन कलोनी से पूह गांव तक के लिए 5 करोड 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली उठाऊ सिंचाई योजना को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे 270 हेक्टर भूमि सिंचित होगी व लगभग 1500 लोग लाभान्वित होंगे।